E-20 Fuel Launch by Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत ऊर्जा सप्ताह (IEW) 2023 में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल लॉन्च किया है।
मोदी सरकार पिछले कुछ सालों से इथेनॉल के इस्तेमाल को बढ़ाने की कोशिश कर रही है। आज उसी दिशा में एक कदम उठाया गया है। पहले चरण में पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल (E-20 Petrol) का इस्तेमाल शुरू किया जा रहा है।
20 प्रतिशत इथेनॉल युक्त ईंधन (E-20 Fuel) को चरणबद्ध तरीके से देश के विभिन्न शहरों में पेश किया जाएगा। पहले चरण में 15 महत्वपूर्ण शहरों में इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल उपलब्ध कराया जाएगा। दूसरे चरण में, अगले दो वर्षों में इथेनॉल ईंधन अन्य शहरों में उपलब्ध होगा। E-20 पेट्रोल 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 84 पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध कराया जाएगा।
E-20 एक परिष्कृत और मिश्रित ईंधन है। यह ईंधन पेट्रोल और इथेनॉल को मिलाकर बनाया जाता है। अभी तक पेट्रोल में 10 फीसदी एथेनॉल का इस्तेमाल होता था। अब इसे बढ़ा दिया गया है। इससे पेट्रोल और भी सस्ता हो जाएगा। E20 को पायलट आधार पर समय से पहले लॉन्च किया गया है। इस परियोजना की अवधि 2025 तक बढ़ा दी गई है।
E-20 प्रोग्राम से सबसे ज्यादा फायदा गन्ना किसानों को होने वाला है। इसे अतिरिक्त आय के रूप में देखा जाता है। पिछले आठ साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो इससे इथेनॉल सप्लायर्स को 81,796 करोड़ रुपये की कमाई हुई है, जबकि किसानों को 49,078 करोड़ रुपये मिले हैं। देश ने विदेशी मुद्रा व्यय में 53,894 करोड़ रुपये की बचत की। साथ ही, इससे कार्बन-डाइऑक्साइड (CO2) उत्सर्जन में 318 लाख टन की कमी आई है।